मां भारती की बिंदी: हिंदी
मां भारती के माथे में ,
जो सजती है बिंदी।
वो ना हिमाद्रि की श्वेत रश्मियां ,
ना हिंद सिन्धु की लहरें ,
ना विंध्य के सघन वन,
ना उत्तर का मैदान।
है वो अनायास,
मुख से विवरित हिन्दी।
जननी को समर्पित
प्रथम शब्द ‘मां’ हिन्दी ।
सरल ,सहज ,सुबोध ,
मिश्री घुलित हर वर्ण में ।
सुग्राह्य, सुपाच्य हिंदी
मधु घोले श्रोता कर्ण में ।
हमारा स्वाभिमान ,भारत की शान ।
सूर-तुलसी-कबीर-खुसरो की जुबान।
मिली जिससे स्वतंत्रता की महक।
विश्वभाषा का दर्जा दूर अब तलक ।
चलो हिंदी को दिलाएं उसका सम्मान।
मानक हिंदी सीखें , चलायें अभियान।।
✍मनीभाई "नवरत्न”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें