इस कविता का भावार्थ किसानों के जीवन संघर्ष, त्याग, और उनकी महानता की मार्मिक अभिव्यक्ति है। मनीभाई "नवरत्न" ने किसान को भगवान के रूप में चित्रित किया है, जो अपने परिश्रम और त्याग से पूरे संसार का भरण-पोषण करता है, लेकिन स्वयं अभावों से जूझता है।
कवि कहते हैं कि भले ही उन्होंने कभी भगवान को प्रत्यक्ष न देखा हो, लेकिन किसान के रूप में उन्हें भगवान का रूप नजर आता है। किसान के पसीने से बीज अंकुरित होते हैं, और उसकी मेहनत से लाखों प्राणियों को जीवन मिलता है। वह हर जीव के लिए पोषणदाता और रक्षक (शिव) की तरह है, जो पूरी दुनिया को अनाज प्रदान करता है, इसलिए वह दाता भी है और विधाता भी।
फिर भी किसान अभागा है—नीतियों, रीतियों, और अपनी ही प्रवृत्तियों का शिकार। वह हर कठिनाई को चुपचाप सह लेता है, क्योंकि उसने त्यागी का जीवन स्वीकार कर लिया है। अपनी आँखों पर ऐसी पट्टी बांध ली है कि साधु के भेष में छिपे अकर्मण्य लोग उसे लूटते रहते हैं, और वह कुछ नहीं कहता।
कवि इस विडंबना को उजागर करते हैं कि पूरे संसार का व्यापार और जीवन किसान पर टिका है, लेकिन केवल वही हाशिए पर है। उसे अपने अधिकारों के लिए लड़ना कठिन लगता है, जबकि मौत की छटपटाहट में दो घड़ी जीना उसे सरल लगता है।
कविता के अंत में कवि किसानों के संघर्षों को देखकर कहते हैं कि इस दुनिया में किसान जैसा त्यागी और कोई नहीं। पत्थर तक अपने ठोस अस्तित्व के कारण अधिक भाग्यशाली प्रतीत होते हैं, लेकिन कृषक वास्तव में भगवान है, जो दूसरों के लिए त्याग करता है और कष्टों में भी जीवन को आगे बढ़ाता है।
यह कविता किसान के जीवन की कठोर वास्तविकता को उजागर करने के साथ-साथ उसे सम्मान देने का आह्वान
करती है।
कृषक मेरा भगवान
मैंने अब तक
जब से भगवान के बारे में सुना ।
न उसे देखा,न जाना ,
लेकिन क्यों मुझे लगता है
कि कहीं वो किसान तो नहीं।।
उस ईश्वर के पसीने से
बीज बने पौधे,
पोषित हुये लाखों जीव।
फसल पकने तक
चींटी,चूहे,पतंगों का
वही एकमात्र शिव।।
किसान तो दाता है
इसीलिए वो विधाता है।
पर वो आज अभागा है।
कुछ नीतियों से ,
कुछ रीतियों से
और कुछ अपने प्रवृत्तियों से।।
वह सब सहता है
इस हेतु कुछ ना कहता है।
गांठ बना लिया है मन में
त्यागी होने की।
आंखों में पट्टी बांध लिया है
जिससे लुट रहे हैं उसे
साधु के भेष में अकर्मण्य लोग।।
संसार का सारा सौदा
किसानों पर है निर्भर।
सब लाभ में है
केवल किसान को छोड़कर।
कठिन लगता है उसे
अपने अधिकारों से लड़ना।
आसान लगता है उसे
दो घड़ी मौत से छटपटाना।।
सारा दृश्य देख,जान
मैं नहीं इस बात से अनजान।
इस जग में
पत्थर सा नहीं खुशनसीब
कृषक मेरा भगवान।
रचनाकाल:-२६दिस.१८,२:५०
✍मनीभाई”नवरत्न”
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें