शनिवार, 3 मई 2025

चलो ऐसा राष्ट्र बनाएं

 

चलो ऐसा राष्ट्र बनाएं

चलो ऐसा राष्ट्र बनाएं,
जिसकी पहचान,
रंग, वर्ण, जाति से ना हो।
ना हो संप्रदाय, हमारे मूल पहचान में।
बांटें नहीं खुद को
नदी पर्वत के बहाने ।
भाषा, बोली को मानें हम तराने।
चलो ऐसा राष्ट्र बनाएं।
राष्ट्र तो है दीपक
आलोकित होता संपूर्ण विश्व ।
दीये से दीये जुड़ते जाएं
अंधेरा छंट जायें
मन की आंखों से ।
तभी जानेंगे तेरी रोशनी,
मेरी रोशनी से फर्क नहीं ।
आगे बढ़ें एक लक्ष्य लेके
हम मानस पुत्र
भक्षक नहीं रक्षक हैं
अखिल ब्रम्हांड का
जो हम सबका परिवार है।

मनीभाई नवरत्न

राजनीति और भ्रष्टाचार

 

राजनीति और भ्रष्टाचार

राजनीति और भ्रष्टाचार
पहिये हैं एक गाड़ी के ।
सेवा है राजनीति देशभक्तों का
खेल है ये अनाड़ी के ।।


सफेद लिबास में मत जाना,
नजरें धोखा खा जायेगी ।
भ्रष्टता की कालिमा तुझे
पीठ पीछे नजर आयेंगी ।
अब नहीं होते राम विक्रमादित्य
चस्का है सबको बंगला गाड़ी के ।।

जहां लड़ा जाये सत्ता पाने को,
वहाँ समाज सेवा कोसों दूर है ।
एक दूजे की टांग खींचे जिसे पाने को
उस कुर्सी में कुछ बात जरूर है।
खींचातानी, चुगली निन्दा
जायज सब पैंतरे, इस खेल में  खिलाड़ी के।।


अनपढ़ अपराधी को समाज दूतकारें ।
पर राजनीति इन्हें सहर्ष स्वीकारें ।
लोकतंत्र की पांव है राजनीति
भ्रष्ट रंग ना चढ़ाओ।
नीतियाँ होती आमजन की ,
जिसको अंतिम पंक्ति ले जाओ।
राजनीति पुष्प है,
भ्रष्टाचार खरपतवार है  बाड़ी के।।

-मनीभाई नवरत्न

गुलामी की कफन /मनीलाल पटेल

🌺 गुलामी की कफ़न

✍️ लेखक: मनीलाल पटेल 

गुलामी की कफ़न जला के, सजाया है गुलिस्तान।
महकता रहे गुल सा, अपना प्यारा हिंदुस्तान।।

आज फिर दस्तक दे न क़यामत की वो घड़ियां,
आगाह करती है, मेरी गीत की दास्तान।।

हम क्या थे, क्या हो चले –
शूरवीरों की शहादत से बनी वजूद खो चले।

आज के दिन का मिलना नहीं था आसान,
अपने ही घर में रह गए थे बनकर मेहमान।
धीमा-धीमा सुलगा अपना स्वाभिमान,
जब भगत, राजगुरु, सुखदेव ने दी
फांसी में झूलकर अपनी जान।

आज फूल को खिलाने के बजाय
कांटे के बीज बो चले,
शूरवीरों की शहादत से बनी वजूद खो चले।

कुछ भटक गए हैं इंसानियत से,
फैला रहे आतंक का साया।
मज़हब का नाम देकर,
डरा-धमकाकर जन्नत को श्मशान बनाया।

फिर से चलनी होगी उन राहों में,
जिन राहों को बापू और बाबा ने दिखाया।
प्रेम की गठरी छोड़ के,
नफरत की बोरी ढो चले।
शूरवीरों की शहादत से बनी वजूद खो चले।।

तांत्रिक पर कविता

 

तांत्रिक पर कविता

तांत्रिक साधक है, या विकास में बाधक है ।
इस पर चर्चा-परिचर्चा, होती बड़ी मादक है।

जब विज्ञान कुछ दुर जाके,असर खोती है।
समझ लो तंत्र-मंत्र जादू-टोना शुरू होती है ।

यह पूजा या खेल, या कड़ी है विज्ञान की।
बहुरंगी,विक्षप्त ने देखो, स्वयं को महान की।

कुछ भी लिख दे, हम बिना प्रमाण के।
यह स्वभाव नहीं ,कवि और विज्ञान के ।

यह समझ बन, मैं लिखने से कतराता हूँ ।
आध्यात्मिकता से परे,भौतिकता में पाता हूँ ।

जनता राजा-मनीभाई नवरत्न

 

जनता राजा-मनीभाई नवरत्न

(1)
लोकतंत्र क्या है?
स्वतंत्रता का पर्याय ।
जहाँ होती है जनता राजा,
और चलती है
उसके बनाये गये कानून ।
लोकतंत्र में,
मंत्री होते हैं सेवक ।
चुने जाते हैं राजा से
हर पाँच साल में।
पर सेवा तो ,
निस्वार्थ भावना है।
फिर क्यों होती है लड़ाई?
इन सेवकों ने,
बना दिया है चुनाव को
महाभारत का कुरूक्षेत्र।
🖋_मनीभाई नवरत्न_

(2)
“राजा के सेवक हजार”
जो खाते हैं मेवा,
और रखते हैं जेब में सेवा।
उसे दिखाते हैं तभी
जब लेते हैं सेल्फी।
जो दिखता है दीवार पर
टीवी में, अखबार पर।
मीडियाकर्मी फेंके
जबरदस्त आर्कषण।
राजा को होता है
जिससे साक्षात् दर्शन।
ये तो वही देखता है ,
सुनता है, समझता है।
जो मंत्री चाहता है।
राजा में नहीं है
संजय सा दूरदृष्टि
वो तो धृतराष्ट्र है ।
🖋_मनीभाई नवरत्न_

(3)
राजा बड़ा रूखा है
लगता है कई दिनों से भूखा है।
और भूखे को सदा ,
पेट का सूझता है
वो जरा मान-सम्मान को,
कम बूझता है।
काम की तलाश में
सौ कोस दूर चलता है।
अधूरे सपने साथ ले,
चार आने पर बहलता है ।
अपने घर में
राज करने के बजाय
दासता झेल रहे बाहर ।
आज रास्ते बने हैं
इनके आसरे ।
जहाँ काटते अपना सफर।
🖋_मनीभाई नवरत्न_

गुमनाम है क्यों प्रतिभाएं ?

 

गुमनाम है क्यों प्रतिभाएं ?

गुमनाम है क्यों प्रतिभाएं ?
क्या उन्हें अवसर की तलाश है ?
या फिर दाने दाने को मोहताज हैं ?
क्या बड़ा है उनके लिए?
सपना या भूख ।
बेशक भूख!
क्योंकि भूख मिटने से नींद अच्छी आती है
और अच्छी नींद में अच्छे सपने आते हैं।

मनीभाई नवरत्न

हर चीज जुड़ी विज्ञान से

 

 हर चीज जुड़ी विज्ञान से

देखोगे जब तुम ध्यान से
पाओगे हर चीज जुड़ी विज्ञान से ।
पहले तो लगता है अनजान से
पर आया सब तो पहचान से ।

यह शाखा पत्ते फूल
यह मिट्टी पत्थर धूल।
सब का एक ही मूल
जो बना इलेक्ट्रान प्रोटान से।।  

यह आंख कान नाक
यह मन दिल दिमाग ।
सब तो शरीर के ही भाग ।
जो जुड़ी है प्राण से ।।  

यह सूरज चांद सितारे
यह नदियां सागर किनारे ।
सब है प्रकृति के सहारे ।
जिसका संबंध है ब्रह्मांड से।।

मनीभाई नवरत्न

हिंदी दिवस की कविता - मनीभाई नवरत्न

हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक ...