शनिवार, 3 मई 2025

सीमेंट के जंगल

 

सीमेंट के जंगल

कौन कहता है?
हमने तोड़ा नाता जंगल से,
क्या हमें पता नहीं कि
जंगल में मंगल होता है ।

बेशक! हमारे स्वभाव से न झलके
अपनी जंगलियत ।
पर कई बार उजागर किये
कर्मों से पशुता की निशानी ।

जंगल का राजा जो भी हो,
पर आज हमारी हुकूमत है।
हमारे रहते किसी हिंसक की
आखिर क्यूँ जरूरत है?

गांव को नजरअंदाज करके
हमने जंगल की सफाई की है।
पानी न दे सके तो क्या?
आग की लपटें तो दी है?
पेड़ न रोप सके तो क्या?
हमने जंगल में दिल लगाया है।

शिला तोड़-तोड़ के
एक नया जंगल सजाया है।
जहाँ ऊँची-ऊँची इमारतें है ।
धरा की झुर्रियों सी सड़कें
दीमक-सी लगती विशाल जन सैलाब
उर्वरा भू को बंध्य बनाती “सीमेंट के जंगल” ।

मनीभाई नवरत्न

पागल

 

पागल

कल से पागल मानसिक विकार से ।
आज घायल हैं समाज की दुत्कार से।
ऐसी कजरा जिसमें श्वास हैं ।
पागलखाने फुटपाथ ही आवास है ।

जो बसाए रहे घर संसार ।
वही संसार करती है अस्वीकार।
चलते फिरते बने मनोरंजन का साधन।
क्योंकि घृणित है भोजन वसन वासन।

हुजूर  के लिए आनंददायक पागल शब्द ।
असभ्य संज्ञा पाकर भी हम निस्तब्ध।
तेरे लिए जिंदगी में निराशा की भरमार।
हम पर तो जिंदगी ही तनाव का भंडार।

फिर भी समाज के रखवाले
कभी तो हमें भी बुलाओ ।
खोई हुई मान सम्मान मन की शांति दिलाओ ।
हमें भी समाज की प्रगति करना है ।
पर पहल यही कि हमें सभ्य समाज में रहना है।

मनीभाई नवरत्न

हमें बता दो जानेमन

 

हमें बता दो जानेमन

जब-जब होता है प्रथम मिलन.
चित्त विचलित हो जाता सजन .
ऐसे में करें क्या हम जतन
जरा हमें बता दो जानेमन ।

तन में जोर नहीं ,विक्षिप्त मन।
दिल होता है, असंतुलन।
ऐसे में करें क्या हम जतन
जरा हमें बता दो जानेमन ।

जाओ ना दूर, मेरे सरकार ।
बता ही दो कुछ प्रतिकार ।
सुखमय हो जाए जीवन
दुख दारुन व्यथा करो निवार।

मुझे ले जाओ , अपने शरण।
शनैः शनैःहो जाए,ना मरण।
ऐसे में करें क्या हम जतन
जरा हमें बता दो जानेमन ।

छा जाती है दिन में तंद्रा ।
रात को गायब होती निंद्रा ।
अपलक करें चिंतन
लेकर हम विविध मुद्रा ।

किंचित भी नहीं है भेदावरण।
प्रेम पथ पे बढ़ते चरण।
ऐसे में करें क्या हम जतन
जरा हमें बता दो जानेमन ।

मनीभाई नवरत्न

आरक्षण का बाना

 

आरक्षण का बाना

तथाकथित उच्च वर्ग
जवाब मांग रहा है,
निम्न वर्ग से –
‘रे अछूत !
तुझे लज्जा नहीं आती।
आरक्षण के दम पर
इतरा रहा है ।
हमारे हक का खा रहा है ।
तेरी औकात क्या ?
तेरी योग्यता क्या ?
भूल गया अपना वर्चस्व ,
भुला दी तूने ,
मनुस्मृति की लक्ष्मण रेखाएं ।
संविधान को कवच बनाकर
तू उत्छृंलन हो गया है।
पैरों के दासी ,
अपने पैरों में खड़ा होने की,
कोशिश मत कर ।
हिम्मत है तो, द्वंद कर ।
आरक्षण का बाना हटा
मुझसे शास्त्रार्थ कर ।’

व्यंग्य की बाणों से ,
जख्मी ने प्रत्युत्तर दिया-
” वाह रे कुलश्रेष्ठ !
तू बोलता है कि
मैं ब्रह्मा के मुख से पैदा हुआ हूं ।
तेरे मुख से ये कुटिल बातें ,
शोभा नहीं देती ।
तूने कहा ,जातियां जन्मजात हैं
हमने मान लिया ।
फिर कहा ,
प्रत्येक जाति के कर्म विधान हैं ।
हमने स्वीकार लिया ।
सौभाग्य माना हमने,
जन सेवा करके ।
नव निर्माण करके
जग का श्रृंगार किया ।
अति प्राचीन
भारतीय संस्कृति को आधार दिया ।
सामाजिक नियमों में बांधकर
तूने जी भर शोषण किया ।
धर्म और ईश्वर के नाम पर
भयभीत किया ।
पर अपने लिए नियम
लचीला रखा,
जब अपनी स्वार्थ पूरी करनी थी।
हमने जब सीमाएं तोड़ी ,
तो नर्क का दंड विधान किया ।
वो तो खुश किस्मत हुए
कि संविधान का रास्ता दिखा ।
हमारे विकास के लिए
एक अवसर दिखा।
आज तुम्हें इस बात का कष्ट है-
कि हमने शिक्षामृत चखा ।
वर्षों से छीना गया अधिकार को परखा।

आज तुम्हें तकलीफ है,
क्यों हम सेवा क्षेत्र में आरक्षित हैं ?
तो सुन तेरे शब्दों में,
“शूद्रों के लिए सेवा का क्षेत्र हो ,
यह भी तो तेरी मनुस्मृति की देन है।”
मुझे शौक नहीं कि
आरक्षण के नाम पर
समाज से सहानुभूति मिले ।
जातिगत भेदभाव टूटे ,
समभाव से प्रकृति खिले ।
योग्य का चुनाव हो ,
आरक्षण की दीवार हटा दो ।
परंतु उससे पहले ,
जाति की अवधारणा मिटा दो।
कोई सवर्ण नहीं ,
कोई अवर्ण नहीं ।
सब प्रकृति की है संतान ।
जातियों में बंटकर
अलग ही रहेंगे ,
नहीं बनेगा कभी भी,
अपना भारत महान।

मनीभाई नवरत्न

काव्य विषय की विराटता-

 

 काव्य विषय की विराटता-

ये काव्य युग,
सम्मान का युग है।
चलो अच्छी बात है।
हमें खुशी है
एक कवि के होने के नाते,
समाज के कुछ तो काम आते।
पर ध्यान रहे ,
सारा श्रेय मुझे ही लेना बेमानी है।
चूंकि सम्मान की पीछे
और भी कहानी है।
कंगूरा सा कवि लालायित है
चमकने को जमाने में।
नींव सा रचना
अभी भी छटपटा रही है
पहचान पाने में।
बिन नींव के कंगूरे की
एक अधूरी दास्तां है।
कवि का वजूद भी तो
कविता से ही वास्ता है।
और कविता का वास्ता
ईश्वर, प्रकृति से,
सामाजिक रीति से।
दीन-हीन की दशा से
मौसम-रंग-दिशा से।
कवि तो बौना है
उस अर्जुन की भांति
जो यह समझ लेता
कि महाभारत युद्ध
अपने दम पर जीता।
जानके अनजान रहता
काव्य विषय की महत्ता
उसका विराट स्वरूप।
मनीभाई’नवरत्न’,

नारी

 

नारी!

हे नारी!
तू क्यों शर्मशार  है?
समाज से भला क्यों गुहार है?
मत मांग, इससे
कोई दया की भीख ।
वो सब बातें जिनमें
पुरूष का वर्चस्व,
उन सबको तू सीख।।
हे नारी!
तू क्यों शर्मशार  है?

है तुझमें भी अदम्य क्षमता
कम क्यों आंकती, तु खुद को।
इतिहास साक्षी, तेरे कारनामों  से ।
मत समेट अपने वजूद को।
चारदीवारी से बाहर आ ,
खुद से मिलने के लिए ।
तू कली ! धूप से ना मुरझा
तैयार हो खिलने के लिए ।

कोई कब तक लड़ेगा ,
तेरी हिस्से की लड़ाई ।
आखिर कब तक चलेगी ,
पीछे-पीछे बन परछाई ।
तुझे अबला जान के ही
तेरा अपमान हुआ है ।
देर ही सही हर युग में,
मगर तेरा सम्मान हुआ है ।
चल एक हो अन्याय के खिलाफ ।
तेरी बिखराव ही
तेरी दुर्गति का कारण है ।

मत कोस अपने भाग्य को
ये जीवन संघर्ष का रण है।
जब हर तरफ तू
संबल नजर आयेगी ।
ये धरा तेरे कर्मों से
स्वर्ग बन उभर आयेगी ।
हे नारी!
तू क्यों शर्मशार  है?

रचयिता :- मनीभाई “नवरत्न”

आगे बढ़ो

 

 आगे बढ़ो

आगे बढ़ो , आगे बढ़ो ,पीछे ना हटो तुम ।
रख के खुद से भरोसा,मुश्किलों से निपटो तुम।

उबड़ खाबड़ है तेरी राह ।
मंजिल पर रहे तेरी निगाह ।
खोये ना कभी आत्मबल को
करना पड़े चाहे आत्मदाह।
वतन मांगता है बलिदान
वतन के लिए मर मिटो तुम ।।1।।

अन्याय के खिलाफ तेरा विद्रोह हो।
पद-प्रतिष्ठा पर कभी ना मोह हो।
तोड़ सके ना तुझे कोई लालच
इरादे तेरे मजबूत जैसे लौह हो।
साजिशें चल रही फूट डालने की
आपस में ना बंटो तुम ।।2।।

मिलती नहीं जीत आसान से
आस रखो अपने भगवान से ब।
बहुत जी चुके बंधनों के दायरे में
अब मरना है हमें स्वाभिमान से ।
बहुत कर चुके क्रांति लाने की बातें
अब करो सिद्धांतों को ना रटो तुम।।3।।

हिंदी दिवस की कविता - मनीभाई नवरत्न

हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक ...