शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024

अब तू ये जान ले /मनीभाई नवरत्न

 

अब तू ये जान ले

जीवन डोरी थाम ले,
थोड़ी घूम घाम ले ।
आराम पाना हो तो
तन से अपने काम ले.
आएगा ना ये पल ,
अब तू ये जान ले ।

तू ना रुका कर राह में ,
कभी ना झुक निगाह में ।
संतों की नीति अपना तू
बरकत जिनकी सलाह में ।
मुट्ठी में है तेरी किस्मत ,
अब तू ये जान ले ।

वो जो दिखा रहा ,
सब कुछ है दिखावा।
तेरी काबिलियत को,
समझ ना कोई छलावा ।
तेरा रंग है सबसे गहरा,
अब तू ये जान ले।

धीमी तेरी रफ्तार है,
नजरें तेरी उस पार है
धीरे धीरे ही बढ़ आगे ।
देर से ही नसीब जागे।
दिशा ही सच्ची सफलता
अब तू ये जान ले।

जी भर जी ले तू
पछताना ना पड़े ।
अगली बार के लिए
तुझे आना ना पड़े।
एक जीवन एक मौका
अब तू ये जान ले।

मनीभाई नवरत्न

प्रेम और सच्चाई -मनीभाई नवरत्न

 

प्रेम और सच्चाई -मनीभाई नवरत्न

मैं तुमसे दूर हूं
तो मतलब नहीं कि
तुमसे दूर हूं।
है अब भी मेरे जेहन में
उतना ही प्रेम
जितना कि हुई थी
जिस दिन तुमसे प्रेम ।


मैं तारीफ भी तेरी
उतना ही करूंगा।
जितना तुम लायक हो ।
तुमसे नहीं करूंगा वो वायदा
जो मुझसे हो ना सके।



जितना तुम उठोगे
संग संग तेरे मैं भी उठूंगा ।
या विपरीत इसके
मैं जितना उठ पाऊं अपने शिखर पर
चाहूंगा तुम भी रहो मेरे पास ।

तुम चाहती होगी
दुनिया भर की दौलतें
शोहरतें, ऐशोआराम
बताऊंगा तुम्हें
कुछ भी नहीं इनमें
मेरी दुनिया बस तुम हो ।
तुम जिद करोगी ,
बदलना चाहोगी मुझे शायद ।
अपने खातिर।
मैं छोड़ूंगा नहीं सच्चाई
अडिग रहूंगा
हम दोनों के खातिर ।

तुम भुलाना चाहोगी मुझे
तुम्हें पसंद होगी तुम्हारे अपने
मैं कैसे भुला दूं तुम्हें
जो मुझमें है
वह तुझ में है मेरा अपना
तुम जितना भागोगी मुझसे
मेरे करीब उतना ही होगी।

🖍️ मनीभाई नवरत्न

खुजली- मनीभाई नवरत्न

 खुजली- मनीभाई नवरत्न

(1)


मैं खोजता हूं

कहां है मुझे खुजली ?

मैं खुजाता रहता हूं ।

कभी हाथ पैर, तो कभी सिर।

इसका मतलब यह कतई नहीं कि

मुझे खुजली है या नहीं ।

पर जब जब बैठता हूं

निठल्ले भाव से।

मैं खुजाता रहता हूं

खोजता रहता हूं

कहां है मुझे खुजली?

हां! मुझे पता है

खुजाना ही खुजली का निदान है।

तभी तो अनवरत जारी है मेरे प्रयोग ।

लेकिन मैं अब भी अनजान

न जान पाया

मेरे खुजली का स्थान।

है इसलिए अब भी  बाकी

मेरी तकलीफ, मेरी खुजली।



(2)


अब मैं संभल गया हूं

खुजली से पहले ।

खोजता हूं कहां है खुजली?

क्यों है खुजली ?

जानने लगा हूं

खुजाना ही नहीं एकमात्र निदान ।

कई बार बिना समझे

कर जाना उपाय

समाधान के बजाय

बन जाती है नई समस्या ।

जो धारण कर लेती है

अपना विकराल रूप।

अब ठहरता हूं

जाया नहीं करता प्रयास।

सही स्थान पर हमारी एक खरोच ही

काफी है खुजली को छूमंतर करने के लिए।।


–मनीभाई नवरत्न

झांसी की रानी-मनीभाई नवरत्न

 

झांसी की रानी-मनीभाई नवरत्न

वाराणसी में जन्मी झांसी की रानी ।
आओ सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।
मनु, मणिकर्णिका और वो छबीली।
मोरोपन्त भागीरथी की गोद में पली।
शौक जिसका तीरंदाजी घुड़सवारी ।
आओ सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।




नाना साहब के साथ जो पली बढ़ी।
पुरुषों को भी चित कर दे ऐसे लड़ी।
देख जिसे सबको होती थी हैरानी ।
आओ सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।
सात वर्ष में कर दी गई मनु की शादी।
गंगाधर राव की बन गई जीवनसाथी।
हाय रे नियति ! क्यों विधवा हुई रानी ।
आओ सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।


अंग्रेज समझे लावारिस हुई ये झांसी।
दामोदर को पाके,पर अड़ी हुई झांसी।
अंग्रेजी मनसूबे को, फेर दी जो रानी।
आओ ,सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।
सिंहनी लक्ष्मीबाई क्रोध से गरज उठी ।
“मैं नहीं दूँगी अपनी झाँसी”  कह उठी।
विद्रोह कराके अंग्रेजों ने की मनमानी।
आओ ,सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।


सदाशिव को परास्त किया करोरा में।
नत्थे खां को ,तारे दिखा दिये दिन में।
फिरंगियों से लड़ने को जो थी ठानी।
आओ ,सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।
अब आगे जनरल ह्यू रोज की बारी ।
सर कफ़न सजाके ,रानी की तैयारी।
पीठ पे बंधा दामोदर, भिड़ गई रानी।
आओ ,सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।


जब झांसी की बागडोर,तात्या संभाले।
रानी युद्ध को कालपी से ग्वालियर चले।
जून अन्ठावन को वीरगति हुई रानी।
आओ ,सुनाऊं तुम्हें उसकी कहानी।।
लक्ष्मीबाई है महान, तोड़ दिया मिथ्या।
स्त्री होती नहीं अबला, सबको बताया।
वो वीरांगना-साहसी , साक्षात् भवानी।
आओ ,सुनायें सबको उसकी कहानी।।

मनीभाई”नवरत्न”, बसना, महासमुंद,छग

ऐसा मेरा गणतंत्र है-मनीभाई ‘नवरत्न’

 

ऐसा मेरा गणतंत्र है-मनीभाई ‘नवरत्न’

इंसानों को मानवता सिखाएं ऐसा मेरा गणतंत्र है ।
लोगों को मिलकर रहना सिखाए ऐसा मेरा गणतंत्र है ।

सब अपने सपने पूरे कर सकें ।
हर कोई अधिकारों को पा सकें।
हर डगर पर हर शहर पर हर नर नारी स्वतंत्र है।
आगे बढ़ने का हौसला बढ़ाएं ऐसा मेरा गणतंत्र है ।


दासता से हमें मुक्ति मिली है ।
सत्यमेव जयते की सुक्ति खिली है।
यही अपना कर्म रहे यही अपना मंत्र है ।
सबको एक लक्ष्य दिखाएं ऐसा मेरा गणतंत्र है।

-मनीभाई ‘नवरत्न’

सच की राहें- मनीभाई नवरत्न

 

सच की राहें- मनीभाई नवरत्न

यह किसने कह दिया
कि सच की राहें मुश्किल है ?
जबकि झूठ और फरेब से
कुछ भी नहीं हासिल है ।


बहक जाते ,कुछ पल के लिए
पाने को चंद खुशियां ।
यही चुभे फिर ,पूरे सफर तक
जैसे पांवों में पड़े बेड़ियां ।
तिल-तिल मारे, सारी रात जगाए,
हर सांस बने ,मानो कातिल है ।
यह किसने कह दिया
कि सच की राहें मुश्किल है ?

एक झूठ बचाने को
बनाया सौ झूठ की कहानी।
विश्वास खोया जग का फिर
आंखों से उतरे पानी ।
ठहर जरा और सोच बेख़बर
तेरे कदम जाते किस मंजिल है ?
यह किसने कह दिया
कि सच की राहें मुश्किल है ?

सच्चाई में सुख है ,
और मिले सहज शांति ।
फरेबी में पल-पल खतरा
और पग-पग में है भ्रांति ।
नजर उठा ,कर सच का सामना
तेरा दिल भी सच के काबिल है ।
यह किसने कह दिया
कि सच की राहें मुश्किल है ?

✍मनीभाई”नवरत्न”

रोटी की तलाश- मनीभाई नवरत्न

 रोटी की तलाश- मनीभाई नवरत्न

मुझे उस रोटी की तलाश  है ,

जिसे अभी-अभी

अमीर के कुत्ते ने खाना छोड़ दिया था।

पर  लगता है डर

यह जानकर

कि कहीं अमीर दुत्कार ना दे ,

कि मैंने छीन लिया निवाला

उसके वफादार के मुख का ।।



अंधेरे गुमनाम गलियों में भटकता

कूड़े कचरे में बांचता अपनी जिंदगी ।

मुझे ख्वाहिश नहीं कि

बांध लूं सपनों की गठरी ।

मेरी भूख ही मेरा अस्तित्व ।

हां !मैं कुपोषित हूं ।

पर मुझे परवाह नहीं।

ना  मैं किसी घर का चिराग।

ना आंखों का तारा ।

ना ही किसी अंधे की लाठी ।


हां ! मैं वही असंस्कारी हूं ।

जिसके मां ने फेंक दिया,

नोंचकर अपने तन से ,

अपने संस्कार की दुहाई देकर ।

और सभ्य समाज में मिल गई

मुझे जिन्दगी भर की तन्हाई देकर ।


सच मानो तो मेरा तन

एक सजीव लाश है ।

एक जिद है उसमें जान भरने की

इसलिए तो

मुझे उस रोटी की तलाश है

जिसे अभी-अभी

अमीर के कुत्ते ने खाना छोड़ दिया था।


✍मनीभाई”नवरत्न”

हिंदी दिवस की कविता - मनीभाई नवरत्न

हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक ...