शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2024

सख्त कार्यवाही हो /मनीभाई”नवरत्न”

 

सख्त कार्यवाही हो

अब बस भी करो वह चर्चे 
जिसमें नेता की वाहवाही हो ।
जो रक्षक भक्षक बन जाए,
उस पर सख्त कार्यवाही हो ।।

बेटी विकास की बातें ,
देश में नारा बनके रह गया।
इज्जत लूट ली दरिंदे ने 
आंचल जलधारा लेके बह गया ।
पकड़े गए हैं व्यभिचारी 
पर कब उन पर सुनवाई हो ।
जो रक्षक भक्षक बन जाए,
उस पर सख्त कार्यवाही हो ।।

जिस्मफरोशी का धंधा ,
देश संस्कृति को ले डूबेगा ।
फिर किसपे इतराओगे 
जब जग में बदनामी चुभेगा।
हाथ पे हाथ धरे  ना बैठो 
कि आनेवाला कल दुखदाई हो।
जो रक्षक भक्षक बन जाए, 
उस पर सख्त कार्रवाई हो ।।

छापे मारो देश का कोना,
जहां ऐसे जुल्म पलते हैं ?
क्या ऐसे गोरखधंधे भी,
नेताओं के दम से चलते हैं ?
नहीं तो फिर, क्यों ठंडा खून 
जैसे राज़ की बात दबायी हो
जो रक्षक भक्षक बन जाए, 
उस पर सख्त कार्रवाई हो ।।

✍मनीभाई”नवरत्न”


पिता की अहमियत /मनीभाई”नवरत्न”

 

 पिता की अहमियत


एक अव्वल दर्जे का युवक
नेक और होशियार ।
नौकरी पाने की चाहत में
देने पहुंचा साक्षात्कार ।।

कंपनी डायरेक्टर ने पूछा
युवक का अध्ययनकाल ।
कैसे पढ़ाई में की ,
उसने ढेर सारे कमाल ।।

बिन छात्रवृत्ति के गुदड़ी के लाल ,
कैसे हुआ शिक्षा से मालामाल?
जानने को वह पूछा ,
उसके पिता का हालचाल ।।

युवक ने बताया
वह है धोबी का बेटा ।
पर पिता ने उसको ,
अपने काम में नहीं समेटा।

डायरेक्टर ने जानकर
देना चाहा जिंदगी का सबक।
पहले छुके आओ हाथ पिता का,
तब मिलेगा नौकरी पे हक।

घर पहुंचते ही हँसती आंखें
झरझर बहने लगे।
पुत्र के भविष्य खातिर
पिता के रेगमाल हथेली
संघर्ष गाथा कहने लगे ।।

युवक को एहसास हुआ
आज पहली बार।
बिन व्यवहारिक ज्ञान के
सैद्धांतिक है बेकार ।।

ना बन पाता
आज वह इतना काबिल ।
पिता के संघर्ष बिन ,
कुछ होता ना हासिल ।।

डायरेक्टर ने पहले ही दिन
भर दी भावी मैनेजर में काबिलियत।
जानो तुम भी संघर्ष और
त्यागमूर्ति पिता की अहमियत।।

✍मनीभाई”नवरत्न”

देश मांग रहा बलिदान / मनीभाई”नवरत्न”

 

देश मांग रहा बलिदान


ये देश तुझे ,मांग रहा बलिदान ।
चीत्कार सुनके जाग जा इंसान ।

भेदभाव बढ़ रहे जन-जन में ।
बँट गए हैं बन अमीर फकीर ।
मां ना चाहेगी, बच्चों में ये ,
जानो रे तुम ,मां की पीर ।

भ्रष्टाचार का है बोल बाला
और मजे लूट रहे बेईमान।।
समझते हैं जो खुद को  सेवक
असलियत में है स्वार्थ की खान ।

अब स्वार्थ छोड़ दे बंधु,
परमार्थ पर लगा जरा ध्यान ।
एकजुट होकर फिर से पा ले 
भारत मां का सम्मान।

पाई नहीं हमने पूरी आजादी ,
क्या पालन होता अपना संविधान?
नेताओं की सांत्वना बस 
कब बदलेंगे ये अपनी जुबान ?

छुपी रहती विरोध व क्रांति में 
प्रगति, खुशहाली और अमन ।
छोड़कर अपनी भेड़चाल तू 
ढूंढ ले सच्चाई का दामन।

दगाबाजों की सभा में ,
सच को करें मतदान ।
तभी बन सकता है 
हमारा भारत महान।।

✍मनीभाई”नवरत्न”

इनसे सीखें / मनीभाई”नवरत्न”

 

इनसे सीखें

सुबह जल्दी उठती है
इसी बहाने कि
मुझे आराम मिले
और आराम मिलती है
हमेशा की तरह रात को
सुबह का नाश्ता
दोपहर का लंच से
होते हुए रात का डिनर
अपना ख्याल ,
बेबी की परवरिश से लेकर
परिवार वालों का फिक्र ।
कौन सी चीजें कहां है
किसको कब करना है
किसको क्या कहना है
सब है पता लेकिन कहती नहीं
ना जाने क्यों रखती है बोझ
अपने दिल पर ।
अपनी जिंदगी को सिमटा दी है
किचन में बेडरुम में और घर में
कुछ मांगे हैं उनकी पर
प्यार के आगे सब फीके ।
हम भी इनसे प्रेम, त्याग
जिम्मेदारी की परिभाषा सीखें।

✍मनीभाई”नवरत्न”

चमकीले मोती / मनीभाई”नवरत्न”

 

चमकीले मोती

ये पानी नहीं ,
चमकीले मोती हैं।
बारिश होते देखा तो होगा ?
ये पानी नहीं,
अमृत की बूंदें हैं ।

तूने प्यास कभी बुझाया तो होगा?
ये पानी प्रभु का प्रसाद है।
इस पानी में जीने का स्वाद है।
धरा पर अमूल्य ये,
पर है सबसे कीमती।
बेरंग होकर भी,
खुशियों के सारे  रंग भरती।

कलकल छलछल
सात सुरों के सरगम
जीवन के हर संगीत
संजोए हुये बहती।
जड़ होते हुए चेतनायुक्त
बेजुबान होते हुए भी
आगाह करती हमको।
कभी सूखा, कभी बाढ़
समन्दर की लहरों से बताती
मानव को उसका अस्तित्व।

✍मनीभाई”नवरत्न”

मैं भी किसान / मनीभाई “नवरत्न”

 

मैं भी किसान

मेरी कलम ,
ये मेरा हल ।
मेरे कागज,
ये मेरे खेत ।
जलता लैंप
बना सूरज ।
स्याह की धारा ,
सींचे कोना कोना।
करता हूं खेती ,
भावों की ,विचारों का ।
हां! मैं भी किसान,
पर किसका पेट भर सका ?
औरों का ?
खुद का ?

मनीभाई “नवरत्न”, बसना, छत्तीसगढ़

अकेला वारिस /मनीभाई”नवरत्न”

 

अकेला वारिस

मैं हूं अपनी राहों का ,
अकेला वारिस।
ठहरू कहीं ना ,
धूप हो चाहे बारिश।
मेरा रिश्ता ना किसी से
मेरी मंजिल, मेरी चाहत,
 मेरी ख्वाहिश ।

ढूंढ रहा हूं खुद को मैं
मेरी पहचान जाने कहां मिले?
वहां तक चलूं ,
गिर संभलू
जिस ओर सपनों का जहां मिले।
संग-संग मेरे हौसला रहे
संग-संग मेरा ईश।
मैं हूं अपनी राहों का ,
अकेला वारिस।

सांसें जब तक चले,
जिंदगी पर कर्ज है ।
मुट्ठी में भर लूं आसमां
यही तो मेरा फर्ज है ।
हौले-हौले जल रहा  मैं
आग से हो रही,
 मेरी परवरिश ।
मैं हूं अपनी राहों का ,
अकेला वारिस।

✍मनीभाई”नवरत्न”

हिंदी दिवस की कविता - मनीभाई नवरत्न

हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक ...