बुधवार, 18 नवंबर 2020

भाई के कलाई में बांधने को प्यार से रक्षाबंधन (RAKSHYABANDHAN PAR KAVITA)

रक्षा बन्धन एक महत्वपूर्ण पर्व है। श्रावण पूर्णिमा के दिन बहनें अपने भाइयों को रक्षा सूत्र बांधती हैं। यह ‘रक्षासूत्र’ मात्र धागे का एक टुकड़ा नहीं होता है, बल्कि इसकी महिमा अपरम्पार होती है।

कहा जाता है कि एक बार युधिष्ठिर ने सांसारिक संकटों से मुक्ति के लिये भगवान कृष्ण से उपाय पूछा तो कृष्ण ने उन्हें इंद्र और इंद्राणी की कथा सुनायी। कथा यह है कि लगातार राक्षसों से हारने के बाद इंद्र को अपना अस्तित्व बचाना मुश्किल हो गया। तब इंद्राणी ने श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन विधिपूर्वक तैयार रक्षाकवच को इंद्र के दाहिने हाथ में बांध दिया। इस रक्षाकवच में इतना अधिक प्रताप था कि इंद्र युद्ध में विजयी हुए। तब से इस पर्व को मनाने की प्रथा चल पड़ी।

भाई के कलाई में बांधने को प्यार से रक्षाबंधन

आई है बिटिया ,आई है बहना अपने घर आंगन।
भाई के कलाई में बांधने को, प्यार से रक्षाबंधन।
गूंजने लगी खुशियाँ, चहुंदिक् अति मनभावन ।
रिमझिम ठण्डी फुहारों में भिगाेती अंतिम सावन।

बहना आरती थाल लिये, देती भाई को बधाईयां।
माथे तिलक लगा ,रक्षासूत्र से सजाती कलाईयां।
भाई भी उपहारस्वरूप,हाथ बढ़ा के दे यह वचन।
मेरे रहते कष्ट ना होगी, तेरे सपने पूरे करूँ बहन।।

भाई-बहन के पवित्र प्यार का, है रक्षाबंधन त्यौहार।
रंग बिरंगी राखियों से, सजने लगा है सारा संसार।।
वस्तुतः सबकी धरती माँ , सब प्राणी है भाई बहना।
आओ एक दूजे की रक्षा कर, बने धरा की गहना।।

मनीभाई ‘नवरत्न’, छत्तीसगढ़

आज के दिन जन्म लिया महान बैट्समैन

आज के दिन जन्म लिया महान बैट्समैन

आज के दिन जन्म लिया महान बैट्समैन।
नाम जिसका सर डोनाल्ड जॉर्ज ब्रैडमैन।।
“द डॉन”के नाम से मशहूर वो आस्ट्रेलियन ।
कम उम्र में बन गया वह क्रिकेटर महानतम।।
दायां हाथ की बल्लेबाजी, गेंदबाजी लेग ब्रेक।
तनहाई पसंद इंसान थे वे ,व्यवहार थी नेक।।
सप्त सहस्त्र रन सौ की औसत ,पलट देते गेम ।
शामिल उनका नाम आईसीसी हाल ऑफ फेम ।।
क्रिकेटर प्रशंसक के तौर पे ,समर्पित की रचना।
डॉन ब्रैडमैन बनने का, युवा क्रिकेटर का सपना।।(रचयिता:-मनीभाई,भौंरादादर,बसना,महासमुंद)

मंगलवार, 17 नवंबर 2020

एक होनहार लड़का

एक होनहार लड़का


एक होनहार लड़का
सच्चा,त्यागी, ईमानदार।
उसके गुरु ने भी तालीम दी थी
सच बोलने की
त्याग करने की ।
ईमान निभाने की ।
पर सिखाना था
दो जून की रोटी जुटाने की शिक्षा ।
आज भी लड़का खड़ा है
बड़ी सच्चाई से भूख-प्यास त्यागकर ।
ईमानदारी से बेरोजगारों की कतार में।

मनीभाई नवरत्न

रविवार, 15 नवंबर 2020

जब तूने हमें छोड़ के दौड़ लगाई

जब तूने हमें छोड़ के दौड़ लगाई

जब तूने हमें छोड़ के दौड़ लगाई


रचनाकार :मनीभाई नवरत्न
रचनाकाल :15 नवम्बर 2020

तू चलता है
लोग बोलते हैं
तू दौड़ता क्यूँ नहीं ?
तू सबसे काबिल है।
अब दौड़ता हूँ
फिर लोग बोलते हैं
गिरेगा  तभी जानेगा
हम क्यूँ चल रहे हैं ?

तूने फिर बातें मानी,
लोगों की सूनी।
फिर से चला उनके साथ
लेकिन अबकी बार
तेरी चाल ढीली है।

वो बढ़ रहे हैं तुझसे आगे
पीछे पलट तुझे देखते,
जाने क्यूँ मुस्कुराके।
लेकिन अब क्यूँ
कोई कहता नहीं ?
आ साथ चले प्रिय
संग संग।

ये वहीं लोग है
जिसे तूने माना हमसफर।
अब तू देता लाख दुहाई
ढोल पीट पीट कर बताता
कैसे होती बेवफाई ?

ये सारे किस्से पुराने मैले हैं।
दुनिया ने सबके जज्बातों से खेले हैं।
उसे बात समझ तब आई
जब पीछे से किसी ने कहा – “भाई !
क्या हुआ उस रेस का?
जब तूने हमें छोड़ के दौड़ लगाई।

–मनीभाई नवरत्न

क्या मैं उसे कभी जान पाया ?

क्या मैं उसे कभी जान पाया ?

कभी – कभी
या बोलिये अब हर वक्त…
मैं ढूंढता हूँ उसको
जो मेरे अंदर पड़ा है मौन।
कहता कुछ नहीं
पर लगता है
उसकी आवाज दबा दी गई हो
कब ?
ये भी तो मुझे मालूम नहीं ।
लेकिन हाँ ! धीरे-धीरे…

उसके अंदर के टीस
मुझे जब चुभती,
मैं उसे तब
झूठी दिलासा देकर
अक्सर शांत कर देता था ।
वैसे ही जैसे नसों के दर्द को
राहत देता है मलहम
कुछ पलों के लिए।
पर क्या वो यही चाहती थी?
पुरानी घिसी-पिटी सहानुभूति
वही बाहरी लेप मलहम।

नहीं यह वह बच्चा नहीं
जो झुनझुने से अपना दिल बहलाये।
उसकी खामोशी से
मुझे डर सा लगने लगा है
कि उसका विश्वास
अब मुझसे खोने लगा है I
वो अब मौन है
जिद भी नहीं करता।
मुझे पता है
उसका मौन हो जाना
मेरी मौत है।

अब स्वार्थवश,
उसकी तरफ ध्यान गया है।
पर वो मौन नहीं तोड़ता
मुझे नहीं बताता ,
सच्चाई मेरे जीवन की ।
वो मेरी पुरानी आदतें
अच्छी तरह जान गया है
मुझसे भी बेहतर।
पर क्या मैं उसे कभी जान पाया ?
                                    मनीभाई नवरत्न

स्कूल पर कविता

स्कूल पर कविता

चलो ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें।
इस संस्था का सदस्य बन कर
हम स्वयं भी गौरवान्वित करें ।
जहां गुरु शिष्य का नाता
पिता-पुत्र से आंका जाए ।
जहां हरेक बालों में
बहन का रूप झांका जाए ।
पर सगुणों को अपनाकर
स्वदुर्गुणों को विसर्जित करें।
ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें ।
नियमित शाला पहुंचकर
समय का पालन करें ।
सत्य अहिंसा के मार्ग पर
अपना पग परिचालन करें ।
गुरु मार्गदर्शन स्वाध्याय को अपनाकर
भविष्य अपना सुनिश्चित करें ।
ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें
यह दिव्य स्थान, स्वच्छता ,
शिक्षा और मनोरंजन संयुक्त रहे।
दुर्व्यसनों और फुहड़पन
और अपराधों से मुक्त रहे ।
फूल पौधे पर लगाकर
वातावरण को सुसज्जित करें ।
ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें ।
यहां हर कोई विद्यार्थी
अपनी शिक्षा पर गंभीर रहे ।
जीवन के हर संकट पर
शूरवीर और धीर रहे ।
एकता के सूत्र से बंध कर
अपना देश विकसित करें
ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें ।
अब प्रण हमें करना है कि
यह शाला मंदिर से कम नहीं ।
जब तक हम रहे
कोई से नीचा दिखाए वह दम नहीं ।
शाला को संवारने में
मिलजुल कर सबको को प्रेरित करें।
ऐसी शाला का निर्माण करें
जिसका प्रकाश सबको आलोकित करें ।

मनीभाई नवरत्न

शनिवार, 14 नवंबर 2020

जीवन विद्या पर कविता

जीवन विद्या पर कविता

जीवन रूपी विद्या, होती है सबसे अनमोल ।
जानके ये विद्या, तू जीवन के हर भेद खोल।।

आया कैसे इस दुनिया में , समझ तू कौन है?
इस प्रश्नों के उलझन में, “मनी “क्यों मौन है ?
समझ कर इस रहस्य को,जानो अपना रोल।
जानके ये विद्या को, तू जीवन के भेद खोल।।

स्वयं में हैं घुटन और,परिवार में होती टूटन ।
प्रकृति में प्रदूषण ,लाया समाज में विघटन।
फिर भी शिक्षित होने का पीट रहे हैं ढोल ।
जानके ये विद्या को, तू जीवन के भेद खोल।।

मान रहे मान्यता को , जानने से कोसों दूर ।
आखिर क्या भय तुझे ? जो इतना मजबूर ।
संप्रदाय को धर्म समझ,भूल गये मेलजोल ।
जानके ये विद्या को,तू जीवन के भेद खोल।।

पदार्थ,प्राण और युवा में , ज्ञान तेरी इकाई।
सूक्ष्म रूप में तो सब है ,आपस में भाई-भाई।
गोल परमाणु से बनी ,धरती की रचना गोल।
जानके ये विद्या को,तू जीवन के भेद खोल।।

जब जानेंगे हम जीवन हैं ,शरीर में वास करें।
फिजूल संग्रह को छोड़, प्रकृति विकास करें।
प्रकृति विनाशकर ,बोलते विकास के बोल ।
जानके ये विद्या को ,तू जीवन के भेद खोल।।

मूल्य समझें,चरित्र जानें,नैतिक व्यवहार रहे ।
जीने दें फिर जीयें ,ये जीवन और विचार रहे।
प्रकृति रक्षक हम , ना दे इसे जहर का घोल ।
जानके ये विद्या को , तू जीवन के भेद खोल।

मनीभाई नवरत्न

हिंदी दिवस की कविता - मनीभाई नवरत्न

हिन्दी दिवस प्रत्येक वर्ष 14 सितम्बर को मनाया जाता है। 14 सितम्बर 1949 को संविधान सभा ने यह निर्णय लिया कि हिन्दी केन्द्र सरकार की आधिकारिक ...